कोरबा । अधिक पानी आने पर हसदेव दर्री बरॉज का जलस्तर रविवार को बढ़ गया। सोमवार सुबह दो गेट खोलकर 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। साथ ही औद्योगिक संस्थानों को 7 हजार क्यूसेक पानी दिया जा रहा है। हसदेव दर्री बरॉज में तान नदी के साथ ही चोरनई नदी, कोसम नाला का पानी आता है। रविवार को बरॉज का जलस्तर 941.74 फीट पहुंच गया। लगातार जलस्तर बढऩे के कारण आज सुबह 9.30 बजे 5 नंबर गेट को 3 फीट व 10 नंबर गेट को 2 फीट खोलकर पानी छोड़ा गया। इससे बरॉज के नीचे नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था।
हालांकि इससे कोई बस्ती प्रभावित नहीं हुई। बरॉज से नहरों में भी औद्योगिक संस्थानों के लिए 7 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सिंचाई के लिए अब पानी नहीं दिया जा रहा है। इस वजह से भी बरॉज में पानी का भराव तेजी से हो रहा है। हसदेव की सहायक नदी तान में बाढ़ की स्थिति है। इस वजह से जलस्तर काफी बढ़ गया था। बरॉज के 14 में से दो गेट खोलकर 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। रविवार को 26.67 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। अभी तक इस सीजन में 552.58 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal