लखनऊ। अवध महोत्सव में गुरुवार को गायक प्रिया पाल ने देवी गीत से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। उन्होंने सईयां हमारे अलबेला, छुटका देवरवा हमार हो, सासू पनिया कैसे जाऊं, रसीले दोनों नैना, पढ़ने गई यूनिवर्सिटी, बजाये पिछवाड़े सीटी जैसे भोजपुरी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरी।
अवध महोत्सव ने आये दर्शकों, श्रोताओं ने भोजपुरी गीतों का खूब आनंद लिया। महोत्सव में गायक राजेंद्र त्रिपाठी ने राम भजनों की मधुर पेशकश कर दर्शकों का मन मोह लिया।
निशातगंज के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे अवध महोत्सव 2017 में गुरुवार को उत्तर प्रदेश की झांकी को दर्शाते हुये भारत हमारा रत्न कमल प्यारा देश है गीत प्रस्तुत किया। भोजपुरी और लोकगीतों के साथ अरविंद सक्सेना ने अपनी कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाया। नन्हें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मुग्ध कर दिया। महोत्सव में परिवार के साथ आये लोगों ने खानपान के साथ खूब खरीदारी की।
प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट की ओर से आयोजित अवध महोत्सव में ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन करके संस्था मनोरंजन के साथ पर्यावरण, जल संरक्षण की दिशा में भी काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह अपने जीवन में एक पौधा जरुर लगायें। पौधे लगेंगे तो पर्यावरण संतुलन बरकरार रहेगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal