जालंधर। पंजाब की राजनीति में शनिवार को एक नया धमाका हुआ। जब बी.आर.पी. पार्टी के प्रमुख और ‘अपना पंजाब’ के प्रमुख ने एक-दूसरे के साथ हाथ मिला लिया। प्रकाश अम्बेदकर बी.आर.पी. पार्टी के प्रमुख है और सुच्चा सिंह छोटेपुर ‘अपना पंजाब’ के प्रमुख है।
छोटेपुर ने यहां एक प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित किया और कहा कि दोनों पार्टियां पंजाब में मिल कर चुनाव लड़ेंगी और सांझे उम्मीदवार खड़े करेंगी। इस मौके पर प्रकाश सिंह अम्बेदकर ने कहा कि पंजाब में गरीब, मजदूर, किसान, छोटे दुकानदार और व्यापारी वर्ग के साथ धोखा हो रहा है और पंजाब की जवानी नशे में डूब गई है। बुजुर्ग नशे से मर रहे अपने बच्चों की लाशें कंधों पर उठाने के लिए मजबूर हो गए हैं।
छोटेपुर ने कहा कि पंजाब में सरेआम कत्ल हो रहे हैं। अत्याचार कर उनके हाथ -पैर काटे जा रहे हैं। यहां के किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की अकाली, कांग्रेस और बीजेपी की सरकारों ने आर्थिक तौर पर तंगी देकर किसानों को आत्महत्याएं करने के लिए विवश कर दिया है।
उन्होंने कहा हमारी सरकार आने पर इन सभी के साथ इन्साफ किया जाएगा। इस मौके उनके साथ सुरजीत सिंह मंड, मनजीत सिंह अवादान, राम पाल दीपा, संतोष कुमारी, कुलविन्दर काला, ओपी इंद्र, रजिन्दर पाल सिंह, गुरमीत सिंह और अन्य बहुत से नेता उपस्थित थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal