लखनऊ। भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार बुधवार को लखनऊ पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य ने बसपा सुप्रीमो मायावती को भ्रष्टाचार की देवी बताया। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित जोरदार स्वागत समारोह से गदगद पूर्व बसपा नेता ने उत्तर प्रदेश में भगवा फहराने के लिए अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संकल्प दिलाया।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा बसपा सुप्रीमो मायावती अपने को दलितों की देवी कहती हैं लेकिन, वह दलितों के प्रति कितनी कठोर हैं, यह बहुत कम लोग ही जानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में दलितों का इतना उत्पीड़न हुआ लेकिन न तो वह स्वयं कहीं गयीं और न ही मुझ जैसे पार्टी के नेताओं को कहीं जाने दिया।
पूर्व बसपा नेता ने कहा कि उन्होंने कई बार मायावती से अनुरोध किया दलितों का उत्पीड़न हो रहा है मुझे और नसीमुद्दीन को मौके पर जाने की अनुमति दीजिए तो उन्होंने दलितों को अभद्र भाषा में सम्बोधित करते हुए कहा कि वे जितने पीटे जायेंगे, बसपा का वोट बैंक उतना ही मजबूत होगा। स्वामी ने कहा कि मायावती दलितों की नहीं बल्कि भ्रष्टाचार की देवी हैं। वह दलितों की सौदागर हैं। अरबों में पार्टी का टिकट बेचती हैं।
सपा पर भी साधा निशाना
स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने भाषण के दौरान प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि एक तरफ बसपा का भ्रष्टाचार है तो दूसरी तरफ सपा का गुण्डाराज। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बिल्कुल चरमरा गई है। चारों तरफ अराजकता का माहौल है। विकास कार्य अवरुद्ध हैं।
मोदी और अमित शाह की प्रशंसा
पूर्व बसपा नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जहां सरकार को बाखूबी चलाना जानते हैं वहीं अमित शाह संगठन के महारथी हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज पूरे देश में विकास की आंधी चल रही है। वह समाज के सभी लोगों का खयाल रख रहे हैं। उनके नेतृत्व में पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है। स्वामी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि गुण्डाराज को जमींदोज कर और भ्रष्टाचार की देवी को नस्तनाबूत कर प्रदेश में भी विकास की गंगा बहाने के लिए आने वाले विधानसभा चुनाव में यहां भी भगवा फहराना है। भाजपा नेतृत्व को विश्वास दिलाते हुए मौर्य ने कहा कि वह जहां भी रहते हैं, पूरी निष्ठा से काम करते हैं।
स्वामी ने इस दौरान 115 बसपा नेताओं को भाजपा में शामिल कराने की घोषणा की। उन्होंने इसकी सूची जारी करते हुए एक-एककर सभी का नाम पढ़ा। इनमें से अधिकतर बसपा के पूर्व विधायक रहे।
22 सितम्बर को करेंगे रैली
स्वामी प्रसाद ने कहा कि उनकी पूर्व से प्रस्तावित रैली अपने निश्चित तिथि पर 22 सितम्बर को राजधानी के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में होगी। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी उसके लिए अनुमति दे दी है। उन्होंने दावा किया कि इस रैली में पांच लाख से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे।
गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य ने 22 जून को बसपा से बगावत की थी। आठ अगस्त को वह दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होने के बाद आज पहली बार जब वह राजधानी पहुंचे तो उनका जोरदार स्वागत हुआ। अमौसी हवाई अड्डे से भाजपा कार्यालय तक पहुंचने में उनके काफिले को लगभग तीन घंटे लग गये।
भाजपा कार्यालय में स्वामी प्रसाद का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर केशव मौर्य ने भी प्रदेश को सपा और बसपा से मुक्त करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आवाहन किया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal