मुंबई। मुंबई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम की पत्नी गीता निरुपम ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर इस देश में उन्हें व उनके परिवार को असुरक्षित महसूस करने व उन्हें सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि चुनाव के समय घोषणापत्र में आपने महिलाओं को सुरक्षा दिए जाने का जो वादा किया था ,उस वादे से अपेक्षाभंग भी हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुंबई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने सर्जिकल स्ट्राईक हमले पर अविश्वास व्यक्त किया और उसका सबूत पेश करने की मांग की थी। इसके बाद संजय निरुपम व उनकी पत्नी तथा उनकी मां के विरुद्ध सोशल मीडिया में जोरदार पोस्ट किए गए। गीता निरुपम ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि राजनीतिक मंच में हर किसी को अपनी बात कहने की आजादी है और अगर किसी को किसी के बयान पर ऐतराज है तो वह अपनी नाराजगी भी उसी तरीके से व्यक्त कर सकता है। लेकिन संजय के मामले में उन्हें व उनकी मां को अश्लिल स्तर पर गालियां दी गई।
यहां तक कि उनके घर पर फोन कर पूरे परिवार को जान से मारने की भी धमकी दी गई। माफिया डॉन रवि पुजारी ने भी संजय निरुपम व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। गीता निरुपम ने कहा कि इससे पहले आमीर खान की पत्नी ने कहा था कि उन्हें अब यह देश असुरक्षित लगने लगा है और इस बयान पर काफी बवाल मचा था। लेकिन अब उन्हें भी यह देश असुरक्षित लगने लगा है। हालांकि गीता निरुपम के इस भावनात्मक पत्र पर भाजपा की ओर से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal