लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने बरेली मंडल के विधायकों, पदाधिकारियों और प्रत्याशियों से सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ पूरी शक्ति लगाने का आह्वान किया है। सपा ने कहा कि चुनाव के लिए अभी से कमर कस लें।
सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा गया कि सत्ता पर वापसी के लिए सांप्रदायिक ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देना जरूरी है। यह तभी हो सकता है जब सात दिसम्बर की बरेली में होने वाली मुलायम सिंह यादव की रैली में भरी भीड़ जुटाई जाए।
इस संबंध में सपा कार्यालय में रविवार को एक बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को करनी थी, लेकिन उनके बदायूं में होने के कारण बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने की।
उन्होंने कहा कि ‘नेताजी’ की रैली में इतनी भीड़ जुटाएं कि सांप्रदायिक ताकतों का मनोबल टूट जाए। उन्होंने कहा कि जितना ज्यादा जनसमर्थन सपा को मिलेगा उतनी ही भाजपा कमजोर होगी।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में सपा का मुकाबला भाजपा से ही है। उसके मंसूबों को कमजोर किए बिना सत्ता पर दोबारा वापस आना आसान नहीं होगा। इसलिए अभी से ही तैयारियां शुरू कर दें।
‘नेताजी’ की रैली में इतनी भीड़ होनी चाहिए कि पूरे देश में संदेश जाए कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा के साथ है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकताओं को गतिशील करने का निर्देश दिया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal