भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई, घटनास्थल पर नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति
दिल्ली | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मंगलवार को पुलिस सुरक्षा घेरे में छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तथा अन्य सुरक्षा बल तैनात रहे।
अखिलेश यादव को पुलिस के सुरक्षा घेरे में वाहन से ले जाने के दौरान घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। मौके पर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए इस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया।
भीड़ अधिक होने के कारण कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बनी रही। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए अखिलेश यादव को सुरक्षित छत्रसाल स्टेडियम पहुंचाया।
इस घटनाक्रम से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं, जिन पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं, पूरे मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।



