बरेली। प्रदेश के विभिन्न जिलों में होते हुए बीजेपी की परिवर्तन यात्रा बरेली की मीरगंज विधानसभा पहुंची। जहां बीजेपी के नेताओं ने परिवर्तन यात्रा का स्वागत किया। परिवर्तन यात्रा के पहले दिन मीरगंज और बहेड़ी विधानसभा में जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बीजेपी नेता स्वतंत्र देव सिंह ने आजम खान और सोनिया गांधी पर निशाना साधा।
यात्रा में भाग लेते हुए प्रदेश महासचिव स्वतंत्र देव सिंह ने विवादित बयान देते हुए कहा कि जय श्रीराम और भारत माता की जय बोलने वालों पर रोक लगाई जा रही है और मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हिन्दू जय श्रीराम और भारत माता की जय नहीं बोलेगा, तो क्या आजम खान, सोनिया गांधी और राहुल गांधी बोलेंगे।
जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश महासचिव स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि युवा चाहते हैं कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आये जिसका प्रमाण युवा सम्मेलनों में उमडऩे वाली भीड़ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा रेप पीड़ितों को मुआवजा दिए जाने को सपा सरकार का नया ड्रामा बताया है, उन्होंने कहा यह न्याय की जगह लोगों को मुआवजा दिया जा रहा है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया और लोगों से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की अपील की। संतोष गंगवार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की आवश्यकता है। प्रदेश को केंद्र के साथ चलने की आवश्यकता है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal