चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि यदि पंजाब कांग्रेस प्रमुख कैप्टन अमरिन्दर सिंह अपने भतीजे बिक्रम मजीठिया को बचाने के लिए सोनिया गांधी को राजी नहीं करते तो आज पंजाब नशा मुक्त सूबा होता।
होशियारपुर में विभिन्न जगहों पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की जवानी को नशे से बचाने की बजाय कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने अपने भतीजे मजीठिया को सीबीआई जांच से मुक्त करवाया।
केजरीवाल ने कहा कि मुझे पता लगा है कि कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने अपनी पार्टी और उस समय के सूबा प्रधान के उलट जा कर सोनिया गांधी को मजीठिया के खिलाफ सीबीआई जांच रुकवाने के लिए कहा।
केजरीवाल ने पूछा कि उस समय केंद्र में मनमोहन सिंह की नेतृत्व वाली सरकार ने पंजाब में नशा तस्करी के सभी सबूत होने के बावजूद भी मजीठिया के खिलाफ कार्यवाई क्यों नहीं की।
अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, कैप्टन अमरिन्दर सिंह, सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम मजीठिया में गठजोड़ उस समय सामने आया जब एक महीने पहले अकालियों ने अमरिन्दर सिंह के भ्रष्टाचार के सभी केस बंद कर दिए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal