नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के कारणों का कोई खुलासा नहीं हुआ है। उनका कार्य़काल खत्म होने में अभी डेढ़ साल बाकी था।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके इस्तीफे पर हैरानी जताई है। माना जा रहा है कि अनिल बैजल दिल्ली के अगले उपराज्यपाल नियुक्त किए जा सकते हैं। अनिल बैजल पूर्व गृह सचिव हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की केजरीवाल से उनकी तनातनी के किस्से लगातार सामने आते रहे हैं. लेकिन इस्तीफे की सटीक वजह क्या है इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि जंग ने इस्तीफे में यह जरूर लिखा है कि वे अब अपने पसंदीदा काम (एकेडमिक) की ओर जाएंगे। नजीब जंग जामिया मिलिया विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर भी रह चुके हैं।
नजीब जंग को 9 जुलाई 2013 को तत्कालीन मनमोहन सरकार ने दिल्ली का उप-राज्यपाल नियुक्त किया था। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा है कि वह प्रधानमंत्री मोदी को अनके कार्यकाल में सहयोग के लिए उनके आभारी हैं। साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी धन्यवाद दिया है।
जंग ने दिल्ली के लोगों को उनके समर्थन और प्रेम के लिए धन्यवाद दिया है, खासतौर से दिल्ली में एक साल के राष्ट्रपति शासन का विशेष जिक्र किया है। रिपोर्ट के अनुसार, जैसे ही नजीब जंग के इस्तीफे की प्रेस रिलीज को जारी किया गया, उसके कुछ घंटों के अंदर ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनसे बात की।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल की सरकार लगातार जंग पर केंद्र के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाती रही है। खुद केजरीवाल ने कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस और ट्विटर के जरिए जंग के लिए बेहद कड़े शब्दों का प्रयोग किया था।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal