समाजवादी पार्टी– राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह सरकार प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने और आम जनता को सुरक्षा देने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नफरत फैलाने, भेदभाव करने और अपराधियों को संरक्षण देने में सक्रिय है।
Read It Also :- पीजीआई में हुई रेल प्रतियोगिता, जानें क्यों ?
अखिलेश यादव ने कहा कि आठ साल में इस सरकार ने जनता के हित में कोई सार्थक काम नहीं किया है। हत्या, लूट, बलात्कार और महंगाई जैसे मुद्दों के साथ-साथ बेरोजगारी और भ्रष्टाचार भी चरम पर हैं। स्वास्थ्य सेवाएं भी बर्बाद हो चुकी हैं, और विकास कार्य ठप पड़े हैं। किसान, नौजवान और गरीब सभी परेशान हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की साख अब जनता के बीच खत्म हो चुकी है और इसके कारण जनता भारी नाराजगी महसूस कर रही है। मूलभूत समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा समाज को बांटने और लोगों को गुमराह करने में लगी हुई है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा पुलिस का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अन्याय और अत्याचार कर रही है। उन्होंने फर्जी एनकाउंटर और झूठे मुकदमे लगाने की भी बात की।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश की जनता उपचुनाव में भाजपा की साजिशों को समझते हुए उसे करारी शिकस्त देगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal