“ब्रजेश पाठक ने सपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि उपचुनाव परिणामों से सपा की जमीन खिसक गई है। उन्होंने सपा पर अराजकता, दलित विरोध और मुस्लिम तुष्टीकरण के आरोप लगाए।”
लखनऊ। उत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उपचुनाव परिणामों के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा को दलित विरोधी, मुस्लिम तुष्टीकरण और अराजकता फैलाने वाली पार्टी बताया। पाठक ने कहा कि सपा अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रही है और संविधानिक संस्थाओं पर अविश्वास जता रही है।
उन्होंने कहा, “सपा जब सत्ता में आई, तब उन्होंने गुंडई और अराजकता का माहौल पैदा किया। करहल में एक दलित बेटी को इसलिए मार दिया गया क्योंकि उसने सपा को वोट देने से इनकार कर दिया।”
‘मुस्लिम वोट बैंक खिसकना सपा की सबसे बड़ी पीड़ा’
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा का बेस वोट बैंक अब खिसक रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर मुस्लिम समाज सपा का साथ छोड़ दे तो यह पार्टी तीन टके की भी नहीं बचेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि उपचुनाव परिणामों के बाद सपा एक “दो टके की पार्टी” बन गई है।
‘लाल टोपी के काले कारनामे’
पाठक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपनी सरकार के कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश करें। उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव केवल लिखी हुई स्क्रिप्ट पढ़ते हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं।
यह भी पढ़ें : गाजीपुर: डीटी पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल, यात्रियों को भारी परेशानी, जानें क्या हुआ?
‘पीएम मोदी का विकास मॉडल जनता ने स्वीकार किया’
ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी के विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “यूपी में हर जिले में समान बिजली मिल रही है। कुंदरकी और मीरापुर के उपचुनावों ने जनता का बीजेपी पर विश्वास साबित कर दिया है।”
‘सपा को आत्मचिंतन की जरूरत’
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा को अपने कार्यकाल की गलतियों पर माफी मांगनी चाहिए और जनता के बीच जाकर सच्चाई का सामना करना चाहिए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal