मुंबई। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के रूप में दो वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर मुंबई की 35 संस्थाओं ने राम नाईक का सम्मान किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल नाईक ने कहा कि वे अपनी सक्रियता पर होने वाली आलोचना को एक सर्टिफिकेट की तरह मानते हैं।गौरतलब है कि मुंबई भाजपा के तेजतर्रार नेता राम नाईक ने दो वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के राज्यपाल के रुप में कार्यभार संभाला था। राज्यपाल के रुप में दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में ३५ संस्थाओं ने मिलकर उनके सम्मान समारोह का आयोजन किया था। अपने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नाईक ने कहा कि उनके कार्यकाल को लेकर कुछेक लोग कटाक्ष करते हैं। ऐसे में वे अपनी आलोचना को एक तरह का सर्टिफिकेट मानते हैं। नाईक का केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ सचदेव और उत्तर मुंबई संसदीय क्षेत्र के सांसद गोपाल शेट्टी के हाथों नाईक का सम्मान किया गया।उल्लेखनीय है कि राज्यपाल नाईक स्वयं पांच बार सांसद के रूप में इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। नाईक ने समारोह में कहा कि राज्यपाल बनने के बाद से मैं संविधान के अनुसार काम करने एवं उत्तर प्रदेश सरकार से भी ऐसा करवाने की कोशिश कर रहा हूं। इस कारण कई घटनाएं ऐसी हुई हैं, जो पहले कभी नहीं हुई होंगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal