देहरादून: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के त्यागपत्र के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा मिठाई बांटने पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र भसीन ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में पराजय और उसके बाद तीसरे नंबर की पार्टी के सामने समर्पण करने की खुशी में कांग्रेस मिठाई बांट रही है।
कर्नाटक चुनाव के नतीजों के बाद से ही जश्न मनाने को लेकर भाजपा व कांग्रेस एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। पहले कांग्रेस ने बहुमत न मिलने के बावजूद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुए जश्न पर भाजपा नेताओं पर तंज कसा था। अब उसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस की दुर्गति के बावजूद कांग्रेस नेता मिठाई बांट रहे हैं तो उससे साफ है कि कांग्रेस का क्या स्तर हो गया है। यह भी साफ हो गया कि कांग्रेस को सत्ता की इतनी भूख है कि अपमान सहन करते हुए वह पिछले दरवाजे से सत्ता में आने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में मत दिया है। कुछ सीटों की कमी का यह मतलब नहीं कि भाजपा पराजित हो गई है। भाजपा अभी भी कांग्रेस व जेडीएस से बहुत आगे है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal