रामगढ़। मोदी सरकार कालाधन रखने वालों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर चुकी है और नोटबंदी एक क्रांतिकारी कदम है। यह कदम यहां तक ही सीमित नहीं रहेगा।
मोदी सरकार बेनामी संपत्ति और अवैध कमाई के द्वारा अर्जित सोना रखने वालों पर भी कार्रवाई करने जा रही है। केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में कालाधन अब सुरक्षित नहीं है।
यह बातें केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने शनिवार को रामगढ़ में कही। इस दौरान रामगढ़ के कांकेबार में सैंकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयंत सिन्हा का स्वागत किया। यहां पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि 500 और 1000 की नोटबंदी का आम लोगों पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
लोगों ने अब कठिनाइयों को पार कर लिया है। प्रधानमंत्री जी ने कहा है कि जनवरी तक माहौल एकदम सामान्य हो जायेगा। यह पूरी तरह सत्य है। बैंकों में अब भीड़ कम हो गई है। बाजार धीरे-धीरे सामान्य हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस निर्णय से देश को विश्व की अर्थव्यवस्था के केंद्र में बैठाने का मार्ग खुल जायेगा। श्री सिन्हा ने कहा कि कालेधन के रूप में छिपाकर रखा गया सोना भी अब सुरक्षित नहीं है।
जिन लोगों ने कालेधन के रूप में सोना रखा है। उनके लिए आने वाले दिन बुरे हैं। सरकार की मुहिम से आम लोगों पर कोई परेशानी नहीं होगी।
अवैध कमायी से बनायी गई बेनामी संपत्ति भी अब ज्यादा दिन छिपाई नहीं जा सकती है। कालेधन के खिलाफ सिर्फ भाजपा सरकार दृढ़ संकल्पित है। वह अपने कार्यकाल में इसे मंजिल तक पहुंचाने का काम करेगी।
श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य के विकास में यह सीएनटी और एसपीटी एक्ट में संशोधन महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। एक्ट में संशोधन कर रघुवर सरकार ने क्रांतिकारी कदम उठाया है।
इस बिल के पास होने से राज्य के आदिवासी और मूलवासियों को उनका वाजिब हक मिलेगा। झारखंड के लिये यह क्रांतिकारी फैसला है। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी किस्म के लोग अपनी निजी स्वार्थ के लिए सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन का विरोध कर रहे हैं।
उन्हें मालूम है कि जब राज्य के आदिवासी मूलवासी आराम की जिंदगी जीने लगेंगे। तब उनकी दुकानदारी बंद हो जायेगी। इसलिये वे इस बिल का विरोध कर रहे हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal