नई दिल्ली। मुंबई के मलाड क्षेत्र में आज सुबह नौसेना की आईएनएस हमला पर आयोजित भर्ती रैली में भगदड़ की स्थिति बन गई, जिस पर जल्द ही नियंत्रण कर लिया गया। आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि स्थानीय पुलिस और नौसेना के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को काबू में कर लिया।उन्होंने बताया कि सीनियर सेकंडरी रिक्रूट्स के लिए आयोजित की गई भर्ती रैली में उम्मीद से अधिक अभ्यर्थी पहुंच गए थे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रवक्ता ने कहा कि हम अच्छी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उससे भी कहीं ज्यादा अभ्यर्थी पहुंच गये। इसके कारण युवकों को नियंत्रित करने में थोड़ी दिक्कत हुई लेकिन स्थानीय पुलिस और नौसेना के अधिकारियों ने जल्द ही सब कुछ संभल लिया। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक भर्ती रैली सुचारू रूप से चल रही थी।जानकारी के मुताबिक तकरीबन 6 हजार से ज्यादा कैंडिडेट्स इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे थे। जबकि उम्मीद 4000 कैंडिडेट्स की थी। नेवी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस भगदड़ में दो कैंडिडेट घायल हुए हैं। उनका इलाज जारी है। जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने इसमें 12 कैंडिडेट के घायल होने की जानकारी दी है। कैंडिडेट्स का आरोप है कि हजारों की तादाद में युवक यहां आए, लेकिन यहां किसी तरह के इंतजाम नहीं थे। भीड़ बढऩे पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के आरोपों का खंडन करते हुए मुंबई पुलिस की ओर से कहा गया है किए भीड़ बढऩे से यह भगदड़ हुई है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal